जगदलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार: महारानी अस्पताल समेत तीन अस्पतालों में ‘हेल्थ एटीएम’ की शुरुआत

6मार्च2026

जगदलपुर। शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। महारानी अस्पताल में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम (Health ATM) मशीन का शुभारंभ सांसद महेश कश्यप ने किया। इस मशीन के जरिए अब आम नागरिकों को कई तरह की स्वास्थ्य जांच एक ही स्थान पर कम समय में उपलब्ध हो सकेगी।
यह आधुनिक सुविधा न्यू इंडिया एश्योरेंश कंपनी द्वारा अपने सीएसआर फंड के तहत जिले के तीन अस्पतालों—महारानी अस्पताल, डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल और भानपुरी अस्पताल—में स्थापित की गई है। इससे मरीजों को शुरुआती स्तर पर ही कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सुविधा मिलेगी, जिससे बीमारी का समय रहते पता लगाकर उपचार आसान हो सकेगा।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि आम जनता को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम जैसी आधुनिक तकनीक से लोगों को कम समय में कई जरूरी जांच कराने की सुविधा मिलेगी और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं और प्रभावी बनेंगी।
कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को त्वरित स्वास्थ्य जांच का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर महापौर संजय पांडेय, जिला पंचायत सदस्य सम्पति नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *