सूरजपुर, 6 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में शिक्षक समय पर नहीं पहुंचे, जिसके कारण पढ़ने आए छोटे-छोटे बच्चों को घंटों तक स्कूल के बाहर इंतजार करना पड़ा। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार मामला भैयाथान ब्लॉक के सांवारावां गांव स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय का है। गुरुवार सुबह जब छात्र रोज की तरह स्कूल पहुंचे तो स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। उस समय स्कूल में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बच्चों को बाहर ही बैठकर इंतजार करना पड़ा।
काफी देर तक स्कूल नहीं खुलने से कई बच्चे मायूस होकर घर लौट गए। इस दौरान न तो पढ़ाई हो सकी और न ही बच्चों को मध्यान्ह भोजन का लाभ मिल पाया। तेज धूप में बैठे बच्चे बार-बार स्कूल खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि कई बार शिक्षक देर से आते हैं या बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।
कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं, जिससे स्कूल का माहौल खराब होता है।
मामला मीडिया में आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल में अनुपस्थित पाए गए 6 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी शिक्षकों को शुक्रवार शाम 4:30 बजे तक जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
होली के बाद स्कूल में लापरवाही: 6 शिक्षकों को नोटिस, घंटों गेट के बाहर इंतजार करते रहे बच्चे