करपावंड पुलिस की साइबर पाठशाला: स्कूली बच्चों को सिखाए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके

करपावंड। 20अगस्त 2026/बस्तर पुलिस के साइबर जन-जागरूकता अभियान के तहत थाना करपावंड पुलिस ने मंगनार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता पाठशाला आयोजित की। इस दौरान बच्चों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और नशे से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के निर्देश, एसडीओपी प्रवीण भारती के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी करपावंड दिलबाग सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक टिंगाली कश्यप ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों के ठगी करने के तरीकों के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग कभी बैंक मैनेजर, कस्टमर केयर अधिकारी तो कभी रिश्तेदार बनकर फोन करते हैं। लॉटरी लगने, इनाम जीतने या बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर ठग लोगों से OTP, UPI PIN, आधार और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।

पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा न करें, मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी के दबाव में आकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक कर उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *