बस में धक्का-मुक्की, फिर गायब हो गई सोने की चेन! 7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार, CCTV से खुला गिरोह का राज

बिलासपुर, 20 अगस्त 2026। चलती बस और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले कथित गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की कुछ महिलाएं पहले भी चोरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।

बस में घेरकर की धक्का-मुक्की, फिर चेन गायब

मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान 2 अगस्त को अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आए थे। वापस लौटते समय दोनों नेहरू चौक से बस में सवार हुए।

महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं। भीड़ अधिक होने के कारण भगवान राम और उनकी पत्नी को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर करने लगे। शनिचरी चौक रतनपुर के पास कुछ महिलाओं ने गीता प्रधान को घेरकर जानबूझकर धक्का-मुक्की की। कुछ देर बाद महिलाएं बस से उतर गईं।

बस में भीड़ कम होने पर गीता को सीट मिली। जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि धक्का-मुक्की के दौरान उनकी चेन चोरी की गई है।

CCTV ने खोला गिरोह का राज

11 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने बिलासपुर के महामाया चौक और रतनपुर के शनिचरी चौक के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कोनकोना निवासी के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।

20 हजार में बेचने की बात, 8 हजार नकद बरामद

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बस में धक्का-मुक्की कर महिला की सोने की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि चोरी की चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है।

आरोपियों ने चेन बेचकर मिली रकम में से करीब 12 हजार रुपये खर्च करने की जानकारी दी, जबकि पुलिस ने 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार महिला की तलाश जारी है।

बस, ऑटो और भीड़भाड़ वाली जगहों पर था निशाना

पुलिस की जांच में पता चला है कि गिरोह की महिलाएं शहरों में आकर बस, ऑटो और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं। बड़े धार्मिक आयोजनों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी गिरोह के सक्रिय रहने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़ी चेन स्नेचिंग और चोरी की कई अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीती गिरी, शिवानी गिरी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी शामिल हैं।

कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चंद्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *