जगदलपुर 20अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ पुलिस की फ्लैगशिप पहल ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बस्तर पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी/शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जगदलपुर में साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से संवाद करते हुए ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और सोशल मीडिया अपराधों से बचने के प्रभावी उपाय बताए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्री नारायण मीणा रहे, जबकि बस्तर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार धोत्रे, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री जैनेंद्र जैन, साइबर रेंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्री गौरव तिवारी एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्री लीलाधर राठौर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि अनजान लिंक, कॉल, मैसेज और ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी विवरण किसी के साथ साझा न करने की भी अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में समय सबसे महत्वपूर्ण है। ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए और साइबर अपराध की सूचना संबंधित साइबर क्राइम पोर्टल अथवा पुलिस को देनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने अथवा उसके लेन-देन पर तत्काल कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम को खास बनाने वाला पहलू विद्यार्थियों के साथ हुआ इंटरैक्टिव संवाद रहा। छात्रों ने ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया। पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों के सवालों का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए साइबर अपराध की किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने पर जोर दिया।
बस्तर पुलिस का यह जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही पुलिस और युवा वर्ग के बीच संवाद मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।