नगरी कॉलेज में युवाओं को बाल अधिकार और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी, 1098 हेल्पलाइन के बारे में किया जागरूक

धमतरी, 24 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी जिले के नगरी स्थित शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय में बाल अधिकार, सुरक्षा और संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और उनसे जुड़े कानूनों की सरल जानकारी दी गई। युवाओं को साइबर अपराध, बाल शोषण, लैंगिक हिंसा, बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।

डिजिटल सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी या जरूरी दस्तावेज किसी के साथ साझा न करें। इस दौरान पॉक्सो अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015 और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में 24 घंटे संचालित निःशुल्क चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 की भूमिका के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों से कहा गया कि किसी बच्चे के साथ शोषण या हिंसा की जानकारी मिलने पर चुप न रहें, बल्कि तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों और शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर, जिला महिला संरक्षण अधिकारी, मिशन शक्ति समन्वयक, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *