लालबाग परेड ग्राउंड में शान से लहराएगा तिरंगाबस्तर में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज, 26 जनवरी को होगा भव्य आयोजन

जगदलपुर, 13 जनवरी 2026/
बस्तर जिले में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं भव्य रूप देने के लिए समयपूर्व व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस वर्ष भी जिला मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन होगा।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर  हरिस एस की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। परेड में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एसएएफ के साथ ही सीआरपीएफ की टुकड़ियां शामिल होंगी। परेड अभ्यास 12 जनवरी से प्रारंभ हो चुका है, जो 24 जनवरी को सुबह 9 बजे आयोजित फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल तक जारी रहेगा।
समारोह को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित 19 विभागों की चलित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा लगभग 30 मिनट का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति और बस्तर की सांस्कृतिक झलक दिखाई देगी।
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर 25 और 26 जनवरी को जिले के सभी शासकीय भवनों एवं स्मारकों को रोशनी से सजाया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *