26मई 2026
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बस ड्राइवरी की आड़ में अवैध मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करता था। कोतवाली थाना पुलिस ने उसे जगदलपुर के रायपुर मुख्य मार्ग स्थित गोयल बड़ी तिराहा के पास ग्राहक का इंतजार करते हुए दबोचा।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सरदार व्यक्ति अफीम बेचने के लिए इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 167.2 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने खुद को दुर्ग जिले के खुर्सीपार भिलाई निवासी हरदीप सिंह बताया। आरोपी के पास अफीम रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस द्वारा लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और इसी कड़ी में यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।