मानवता की मिसाल: बचेली पुलिस ने बीमार व गुमशुदा युवती को इलाज दिलाकर सुरक्षित घर पहुंचाया

दंतेवाड़ा, 20 फरवरी 2026। दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानवता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व गुमशुदा युवती को न केवल उपचार दिलाया, बल्कि उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को पेट्रोलिंग के दौरान सहायक उपनिरीक्षक गोवर्धन निर्मलकर को लेबर हाटमेंट क्षेत्र में एक युवती तेज बुखार और असहाय अवस्था में मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया। युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण अपना पता बताने में असमर्थ थी, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के निर्देशन में पुलिस टीम ने स्थानीय बाजार, सरहदी थानों, अन्य जिलों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान के प्रयास शुरू किए।
लगातार कोशिशों के बाद युवती की पहचान नानगुर, जगदलपुर निवासी बसंती निषाद के रूप में हुई। परिजनों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे बचेली नहीं आ सके। ऐसे में पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए एनएमडीसी बचेली के अधिकारी सौरभ कुमार के सहयोग से वाहन की व्यवस्था कर स्वयं युवती को उसके गांव पहुंचाया और माता-पिता को सकुशल सुपुर्द किया।
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक गोवर्धन निर्मलकर, ज्योति बंजारे, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी ध्रुव, महिला आरक्षक उषा सिंह, मीनाक्षी ध्रुव एवं जया पॉल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बचेली पुलिस की यह पहल न केवल कानून व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील जिम्मेदारी का भी प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे आमजन का विश्वास और सम्मान दोनों मजबूत हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *