नशे के कारोबार पर बस्तर पुलिस का बड़ा प्रहार, प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर, 26 अप्रैल 2026।
बस्तर पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए बोधघाट थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 92 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान नगद राशि भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया नयामुंडा क्षेत्र में कुछ युवक अवैध नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर तीन संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनके पास से सफेद झोले में रखी प्रतिबंधित Pyeevon Spas Plus Tramadol HCL कैप्सूल की 60 पट्टियां, कुल 480 नग बरामद हुईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सामूहिक रूप से युवाओं के बीच नशे का कारोबार संचालित कर रहे थे। जब्त किए गए मादक पदार्थों के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लगातार बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *