बीजापुर में मुठभेड़: दो इनामी माओवादी मारे गए, हथियार और विस्फोटक बरामद

बीजापुर/26/02/2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के थाना जांगला क्षेत्र अंतर्गत जैगुर–डोडुम इलाके में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी माओवादी मारे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई इंद्रावती नदी के आसपास माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान हुई।
बताया गया कि 25 फरवरी की शाम जिला रिजर्व गार्ड (DRG) समेत अन्य सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। 26 फरवरी की सुबह करीब छह बजे सुरक्षा बलों और माओवादी कैडरों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक जारी रही। मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए।
पुलिस ने मृतकों की प्रारंभिक पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी से जुड़े हिचामी मडडा और मनकी पोडियम के रूप में की है। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, 12 बोर बंदूक, ग्रेनेड, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद होने की बात कही गई है। फिलहाल क्षेत्र में DRG, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की टीमों द्वारा व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।
जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि सुरक्षा बल क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रहे हैं। वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने सक्रिय माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *