ओडिशा/26/02/2026ओडिशा के कंधमाल जिला स्थित दरिंगबाड़ी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पाकरी रिज़र्व फॉरेस्ट में एक शीर्ष माओवादी नेता की उसके ही साथियों ने हत्या कर दी। मृतक की पहचान अन्वेष के रूप में हुई है, जो प्रतिबंधित संगठन केकेबीएन ग्रुप का एरिया पार्टी कमांडर बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार अन्वेष अपने करीब 12 साथियों के साथ सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण करने की योजना बना रहा था। इसी बीच संगठन के मोस्ट वांटेड कमांडर सुकुरु को इसकी भनक लग गई। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान अन्वेष की मौत हो गई।
घटना को छिपाने के इरादे से साथियों ने शव को जंगल में दफना दिया था, लेकिन खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद कर लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि अन्वेष पर राज्य सरकार ने 22 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल था।
यह घटना माओवादी संगठन के भीतर बढ़ते मतभेद और अविश्वास को उजागर करती है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जो भी उग्रवादी हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनके लिए सरकार की पुनर्वास नीति के तहत अवसर उपलब्ध हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।
सरेंडर की तैयारी पड़ गई भारी: कंधमाल के जंगल में माओवादी नेता की साथियों ने ही ली जान