बुलंदशहर, 24 फरवरी 2026। बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना नरौरा पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 हजार रुपये के नकली नोट, लगभग 14 हजार रुपये के अधछपे नोट, नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर, तीन मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हाल ही में एक सब्जी विक्रेता को 500 रुपये का नकली नोट देकर सामान खरीदा था। नोट की गुणवत्ता पर शक होने पर सब्जी विक्रेता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच गई।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने घर के अंदर ही प्रिंटर के जरिए 500 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहे थे और उन्हें बाजार में चलाने की कोशिश कर रहे थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से भी कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस गिरोह के संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि बरामद नकली और अधछपे नोटों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि आम नागरिक की सतर्कता से बड़े अपराधों का भी खुलासा संभव है।
सब्जी वाले की सतर्कता से खुला नकली नोट गिरोह का राज, घर में चल रही थी प्रिंटर से करेंसी छापने की फैक्ट्री