कटहल की आड़ में करोड़ों का खेल! 62 लाख का गांजा लेकर जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे गए

8जून2026

महासमुंद। जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन में लदे कटहल के नीचे चार बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने फलों की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की थी, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उनकी योजना विफल कर दी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस ने गांजे के अलावा पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 70 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र कुमार गौतम और लवकुश गौतम, निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *