अग्रसेन जयंती पर सेवा की मिसाल: घायल गौमाता के इलाज के लिए एम्बुलेंस शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए शामिल

राज्यपाल रमेन डेका बोले—महाराजा अग्रसेन ने दिया दानशीलता और परोपकार का संदेश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की होगी अहम भूमिका

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की सामाजिक सेवा, परोपकार और प्रदेश के आर्थिक विकास में योगदान को रेखांकित किया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और श्री अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को दानशीलता, परोपकार और आपसी सहयोग का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज व्यापार और उद्योग के माध्यम से रोजगार सृजन के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

राज्यपाल ने महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत को आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को त्वरित सफलता के बजाय पारंपरिक मूल्यों, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारी को महत्व देना चाहिए। सभी की सहभागिता से ही एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में उद्योग और व्यवसाय की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए अग्रवाल समाज से इन अवसरों का लाभ उठाकर रोजगार बढ़ाने का आह्वान किया।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि समाज स्वास्थ्य शिविर, गौसेवा, धर्मशाला निर्माण, सामूहिक विवाह और निःशुल्क शिक्षा जैसे कार्यों के माध्यम से लगातार समाजसेवा कर रहा है। घायल गौमाता के उपचार के लिए एम्बुलेंस की शुरुआत इसी सेवा भावना का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड में काम कर रही है। राज्य की जीएसडीपी को 5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि खनिज, वनोपज, बिजली और पानी जैसे संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में व्यापार और उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने भी अग्रवाल समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जनसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है। महाराजा अग्रसेन ने समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।

फोन पर मिलेगी घायल गौमाता के उपचार के लिए एम्बुलेंस

महोत्सव के दौरान अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। घायल गौमाता के उपचार के लिए इस सुविधा का लाभ मोबाइल नंबर 8109002139 पर कॉल करके लिया जा सकेगा।

कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और त्रैमासिक पत्रिका ‘अग्रपुष्प’ के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ और युवाओं को ‘अग्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडीआर ग्रुप के चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *