बिहान मिशन के अंतर्गत बैकलॉग भर्ती की प्रावधानिक सूची जारी, 24 जुलाई तक दर्ज कर सकते हैं दावा-आपत्ति

जगदलपुर, 15 जुलाई 2026/जिला पंचायत बस्तर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन “बिहान” के अंतर्गत स्वीकृत बैकलॉग पदों की भर्ती प्रक्रिया के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की प्रारंभिक जांच के बाद प्रावधानिक सूची जारी कर दी गई है। यह कार्रवाई विकास आयुक्त कार्यालय, विकास भवन नवा रायपुर के निर्देशों के अनुरूप की गई है। जारी सूची में विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक का 01 पद, क्षेत्रीय समन्वयक के 02 पद, लेखापाल का 01 पद तथा लेखा सह एमआईएस सहायक का 01 पद शामिल है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन जिला पंचायत बस्तर के सूचना पटल एवं जिला बस्तर की आधिकारिक वेबसाइट www.bastar.gov.in पर कर सकते हैं।

जिला पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र तथा अन्य जानकारी के संबंध में यदि किसी पक्ष को कोई आपत्ति हो, तो वह आवश्यक साक्ष्यों एवं प्रमाणों सहित अपना अभ्यावेदन 24 जुलाई 2026 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय में जिला पंचायत कार्यालय की आवक शाखा में प्रस्तुत कर सकता है।
निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित अभ्यर्थियों एवं आपत्तिकर्ताओं से समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *