20 राज्यों के 75 रेलवे स्टेशन बने हाईटेक, आज PM मोदी करेंगे लोकार्पण

एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस हुए रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिलेगा नया सफर अनुभव

नई दिल्ली, 17 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के 20 राज्यों में विकसित किए गए 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। करीब 1570 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के साथ विकसित किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इन स्टेशनों में हाई-स्पीड एस्केलेटर, लिफ्ट, आधुनिक वेटिंग हॉल, एग्जीक्यूटिव लाउंज, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी, कैफेटेरिया और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे का दावा है कि अब यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
इस परियोजना में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित 20 राज्यों के स्टेशन शामिल हैं। प्रत्येक स्टेशन को स्थानीय संस्कृति, इतिहास और वास्तुकला की झलक के साथ डिजाइन किया गया है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन भी इस सूची में शामिल हैं। वहीं राजस्थान का जैसलमेर स्टेशन 140 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है, जो इस परियोजना का सबसे महंगा स्टेशन है। इसके अलावा पंजाब का जालंधर कैंट स्टेशन 99 करोड़ रुपये और गुजरात का प्रतापनगर स्टेशन 72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और भारतीय रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *