24मार्च2026
नारायणपुर, । अबूझमाड़ क्षेत्र के कुमनार में नारायणपुर पुलिस द्वारा 22मार्च को अंतिम सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप स्थापित किया गया है, जिससे इलाके में सुरक्षा के साथ-साथ विकास की नई उम्मीद जगी है। दशकों तक माओवादी प्रभाव में रहे इस क्षेत्र में अब सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुल गया है। कुमनार में कैंप स्थापित होने से ओरछा से भैरमगढ़ तक सीधी सड़क कनेक्टिविटी बन गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और जरूरी सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इस पहल से अबूझमाड़ के दूरस्थ गांव मुख्यधारा से जुड़ने लगे हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व विकास का माहौल मजबूत हो रहा है। ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है और वे इसे नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं। नारायणपुर पुलिस, ITBP और सुरक्षा बलों की संयुक्त पहल से अब क्षेत्र में सेवा, सुरक्षा और विकास की गति तेज होने की उम्मीद है, जिससे नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थायी शांति और जनसुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा।