उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा, नगरनार पुलिस ने 5 किलो मादक पदार्थ के साथ तस्कर को दबोचा

जगदलपुर, 18 जुलाई 2026। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से रायपुर ले जाए जा रहे 5 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति धनपुंजी आरटीओ नाका के पास काले रंग के बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना नगरनार की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध की घेराबंदी कर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चोले मारूती (38 वर्ष) पिता वेंकटी, निवासी शंकरपल्ली, जिला रंगारेड्डी (तेलंगाना) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से दो पैकेटों में कुल 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही 650 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी गांजा को उड़ीसा से रायपुर ले जाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, आरक्षक वेदप्रकाश देशमुख, नरेश कश्यप, धर्मेन्द्र कंवर, यशवंत ध्रुव, विक्रम उरांव एवं सैनिक जगन्नाथ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *