सीतामढ़ी विधायक अमित रानू की बढ़ीं मुश्किलें, जालसाजी-रंगदारी के साक्ष्य मिलने का पुलिस का दावा; गिरफ्तारी की तैयारी

सीतामढ़ी/मुजफ्फरपुर। 26अगस्त 2026/बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेलसंड से एलजेपी (आर) विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने विधायक और उनके भाई सोनू सिंह के खिलाफ जालसाजी, रंगदारी, जबरन वसूली और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और दोनों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट मांगा जाएगा।

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 25 लोगों के मकान और बॉउंड्री तोड़ने के मामले में विधायक अमित रानू और उनके भाई के खिलाफ केस डायरी तैयार कर ली गई है। पुलिस न्यायालय में वारंट के लिए आवेदन देगी। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में वीडियो साक्ष्य भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप

मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां का है। आरोप है कि जमीन पर कब्जे के लिए विधायक के भाई सोनू सिंह पार्टी का झंडा लगी कार से मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ 20 से अधिक बाइक और अन्य वाहनों से 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर मौके पर मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है। आरोप है कि जेसीबी की मदद से जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई और मारपीट भी हुई। पीड़ितों की ओर से घटना का वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है।

आठ मामलों में विधायक और भाई नामजद

एसएसपी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी दोनों जिलों में इस पूरे प्रकरण से जुड़े करीब 25 मामले दर्ज हैं। इनमें से आठ मामलों में विधायक अमित रानू और उनके भाई अभिनव उर्फ सोनू सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।

विधायक के घर छापेमारी के दौरान पुलिस के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस से उलझने का आरोप

पुलिस के अनुसार, मोबाइल लोकेशन के आधार पर विधायक के भाई सोनू सिंह के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के भिखनपुरा में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। मामले में संतोष समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रुन्नीसैदपुर थाने में भी दर्ज है रंगदारी का मामला

एसएसपी ने बताया कि विधायक अमित रानू के खिलाफ रुन्नीसैदपुर थाने में रंगदारी, जबरन वसूली और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराओं में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस सीतामढ़ी जिले में विधायक से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विधायक और उनके भाई की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट हासिल करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *