कोरबा में सड़क हादसों का कहर: कॉलेज छात्र व 10 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत, तेज रफ्तार थार पलटी—दो युवक गंभीर

कोरबा | 27 जनवरी 2026
कोरबा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने जनजीवन को झकझोर कर रख दिया है। अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक कॉलेज छात्र और एक 10 वर्षीय स्कूली छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक अन्य घटना में तेज रफ्तार थार जीप अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
 पहली घटना: कॉलेज छात्र की मौके पर मौत
पहला हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, कॉलेज में अध्ययनरत छात्र गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से घर से निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 दूसरी घटना: गणतंत्र दिवस से लौट रही छात्रा की दर्दनाक मौत
दूसरी घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर 10 वर्षीय स्कूली छात्रा घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 तीसरी घटना: तेज रफ्तार थार नाले में पलटी
तीसरा हादसा लखनपुर मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार थार जीप मोड़ पर अनियंत्रित होकर नाले में जा पलटी। हादसे में थार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
 पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *