चार दिन बर्फ में डटा रहा वफादार कुत्ता, मृत मालिक के शव की करता रहा रखवाली — भरमौर से इंसानियत को रुला देने वाली तस्वीर

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भरमौर से वफादारी और इंसान–जानवर के अटूट रिश्ते की एक ऐसी मर्मस्पर्शी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी में, जहां इंसान का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है, वहीं एक वफादार कुत्ता चार दिनों तक अपने मृत मालिक के शव के पास डटा रहा और उसे अकेला नहीं छोड़ा।
जानकारी के अनुसार, भरमौर के भरमानी मंदिर के पास विक्षित राणा और पीयूष नाम के दो युवक लापता हो गए थे। बाद में पता चला कि भीषण ठंड और बर्फबारी के कारण दोनों युवक बर्फ में फंस गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। चार दिन बाद जब बचाव दल और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो उठा।
एक युवक का शव बर्फ की मोटी परत के नीचे दबा हुआ था, जबकि उसका पालतू कुत्ता वहीं जमा बैठा था। इन चार दिनों में उस बेजुबान ने न तो कुछ खाया और न ही अपनी जगह छोड़ी। उसने न केवल बर्फीले तूफान और कड़ाके की ठंड का सामना किया, बल्कि जंगली जानवरों से भी अपने मालिक के शव की पहरेदारी करता रहा।
रेस्क्यू टीम भी रह गई दंग
जब रेस्क्यू टीम शव को निकालने के लिए आगे बढ़ी, तो कुत्ता पहले आक्रामक हो गया। उसे लगा कि शायद कोई उसके मालिक को नुकसान पहुंचाने आया है। काफी मशक्कत और प्यार से समझाने के बाद जब कुत्ते को अहसास हुआ कि ये लोग मदद के लिए आए हैं, तब जाकर वह वहां से हटा।
भरमौर की यह घटना न सिर्फ दिल को छू लेने वाली है, बल्कि यह भी साबित करती है कि वफादारी और प्रेम की कोई भाषा नहीं होती। इंसान और जानवर के बीच का यह रिश्ता हर हाल में अमर रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *