रायपुर 16सितंबर 2026/राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में मंगलवार को उस समय लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के पास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मीरा से एक मिट्टी का दीया खरीदा और इसके बदले उन्हें 1,000 रुपये दिए।
मुख्यमंत्री ने मीरा से बातचीत कर उसके काम और परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने को लेकर भी फीडबैक लिया। मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता है और उसे महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और उनके जीवन में आर्थिक मजबूती आए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर काम करने वाले छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, शिल्पकारों और अन्य कारीगरों से सामान खरीदने की अपील भी की।
मीरा से खरीदा गया मिट्टी का दीया ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, दीया भारतीय परंपरा में आशा और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक माना जाता है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की मदद और अन्य जनसेवा के कार्यों में भागीदारी करने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में बदलाव के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी महत्वपूर्ण योगदान बन सकते हैं।