जगदलपुर, 7 मार्च 2026।
बस्तर जिले के जगदलपुर में खंडहर पड़े मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुरातत्व संग्रहालय के सामने स्थित एक पुराने खंडहर भवन में रखे निर्माण कार्य से जुड़े सामान को अज्ञात चोरों द्वारा रात के समय चोरी कर लिया गया था। मामले में प्रार्थी द्वारा थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक हैमर मशीन और लोहे के रॉड बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेलू शेट्टी (30 वर्ष) निवासी अटल आवास कालीपुर, जगदलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं इस मामले में एक विधि संघर्षरत बालिका को भी न्यायालय में पेश किया गया है।
खंडहर मकान में सेंधमारी करने वाला चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, चोरी का सामान बरामद