चोरी हुआ ऑटो बरामद, बस्तर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जगदलपुर, 18 सितंबर 2026। बस्तर जिले के जगदलपुर में चोरी हुए ऑटो को पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का ऑटो (CG 17 T 0648) जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 जून 2026 को ऑटो चालक प्रदीप राय अब्दुल कलाम वार्ड मेन रोड पर सवारी छोड़ने गया था। ऑटो खड़ा करने के बाद वह कुछ सामान लेने चला गया। वापस लौटने पर ऑटो मौके से गायब मिला। इसके बाद बोधघाट थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस को शांति नगर वार्ड निवासी डेनियल नाग उर्फ दानियाल नाग (30 वर्ष) पर संदेह हुआ। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने ऑटो चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया ऑटो बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक डी. धोत्रे एवं थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में की गई। मामले की कार्रवाई में उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक लखेश्वर बघेल और आरक्षक परमानंद भोयर की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *