जगदलपुर, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक निकाली जा रही ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ बुधवार को नारायणपुर से हलामी मुंजमेटा पहुंची। यात्रा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री एवं स्थानीय विधायक केदार कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा और ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने भारत माता के जयकारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा को आगे बढ़ाया।
हलामी मुंजमेटा पहुंचने पर यात्रा में शामिल लोगों ने नक्सल हिंसा में शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान नक्सली हमले में शहीद बलिराम पोटाई, संतोष श्रीमाली, सोमारू राम वट्टी और अब्दुल वाहिद खान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद जवानों के साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति के लिए जवानों का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
शहीदों की स्मृति में किया पौधारोपण
इस अवसर पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। शहीदों की स्मृति में वट, आंवला, आम और काजू के पौधे लगाए गए। साथ ही इन पौधों को शहीदों के बलिदान और देश के प्रति समर्पण की जीवंत स्मृति के रूप में संरक्षित करने का संकल्प लिया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब गांवों में मेहमानों के आने पर कोई रोक-टोक नहीं होगी और मेला-मड़ई को रोकने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को परेशान करने और उनके घरों को लूटने वाला कोई नहीं है। बाबा साहेब द्वारा लिखे गए भारत के संविधान में सभी को आगे ले जाने की शक्ति है और अब संविधान को लागू होने से रोकने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर खुशी मनाने के लिए केवल बाइक रैली में शामिल होना जरूरी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप हर घर में तिरंगा लगाया जाना चाहिए, क्योंकि अब किसी को अपने घर में तिरंगा लगाने से रोकने वाला कोई नहीं है।
शहीद संग्रहालय में रखी जाएगी पवित्र मिट्टी
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। शहीदों की स्मृति में गांव के सरपंच ने गांव की पवित्र मिट्टी प्रदान की, जिसे शहीद संग्रहालय में रखा जाएगा।
तिरंगा यात्रा में लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर नम्रता जैन, एसपी संदीप कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।