दंतेवाड़ा, 28 फरवरी 2026।
जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हुए थाना गीदम पुलिस ने साप्ताहिक बाजार तुमनार में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। ‘ऐतियात’ नाम से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर फ्रॉड सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति सचेत करना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संवाद स्थापित कर लोगों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। तुमनार के साप्ताहिक बाजार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित समाज की नींव आपसी भरोसे पर टिकी होती है, और ‘ऐतियात’ उसी भरोसे को सुदृढ़ करने का प्रयास है।
साइबर फ्रॉड से बचाव पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी के सामान्य तरीकों के बारे में बताया गया और उनसे सावधान रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in� की जानकारी साझा की तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या अधिकृत हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस जवानों की सक्रिय भागीदारी और सरल संवाद शैली ने लोगों में सकारात्मक संदेश पहुंचाया। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होती है और सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है।
थाना प्रभारी गीदम विजय पटेल के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम दर्शाता है कि दंतेवाड़ा पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में जागरूक, सुरक्षित और सहभागी वातावरण निर्माण के लिए भी प्रतिबद्ध है। ‘ऐतियात’ अभियान आने वाले समय में भी निरंतर जारी रहेगा।
दंतेवाड़ा में ‘ऐतियात’ की पहल: तुमनार बाजार में साइबर सुरक्षा का अलख, पुलिस ने बढ़ाया जनविश्वास