घायल भालू का सुरक्षित रेस्क्यू, अब जंगल सफारी में होगा इलाज

बालोद। 4सितंबर 2026/रानीमाई मंदिर, तालगांव और आसपास के गांवों में कई दिनों से लोगों के बीच डर का कारण बने घायल भालू को वन विभाग की टीम ने आखिरकार सुरक्षित पकड़ लिया। भालू के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

बताया जा रहा है कि घायल भालू लगातार आबादी वाले इलाकों और मंदिर के आसपास नजर आ रहा था। उसकी मौजूदगी के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिसके बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी।

भालू को पकड़ने के लिए उसकी आवाजाही वाले संभावित स्थानों पर पिंजरे लगाए गए थे। बीती रात भालू पिंजरे में कैद हो गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने सावधानी के साथ उसका रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के बाद भालू को उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए रायपुर स्थित जंगल सफारी भेजा गया है। वन विभाग उसकी हालत पर नजर रखेगा। उपचार के बाद जब वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगा, तब उसके लिए उपयुक्त प्राकृतिक वन क्षेत्र तय कर उसे जंगल में छोड़ने पर फैसला लिया जाएगा।

भालू के पकड़े जाने से रानीमाई मंदिर क्षेत्र और आसपास के गांवों में पिछले कई दिनों से बना भय का माहौल अब काफी हद तक खत्म हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *