बस्तर में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की कार्रवाई, 99 का ब्रेक इन सर्विस और 17 निलंबित

जगदलपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए पटवारियों में से 99 की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित किया गया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है।

अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के अनुसार, जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे, जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे अधिक असर

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर तहसील में पदस्थ 26 पटवारियों में से 25 हड़ताल पर हैं। इनमें 23 का ब्रेक इन सर्विस और 2 को निलंबित किया गया है। यहां केवल एक पटवारी कार्यरत है।

बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने सभी 16 का ब्रेक इन सर्विस किया है, जबकि इनमें से 2 को निलंबित भी किया गया है।

भानपुरी तहसील में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। वहीं बकावण्ड में पदस्थ 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं। इनमें 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।

अन्य तहसीलों में भी हुई कार्रवाई

लोहण्डीगुड़ा तहसील में पदस्थ 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं। सभी 11 का ब्रेक इन सर्विस किया गया है और 2 को निलंबित किया गया है।

करपावण्ड में पदस्थ 12 में से 10 पटवारी हड़ताल पर हैं। सभी 10 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।

नानगुर तहसील में 10 में से 8 पटवारी हड़ताल पर हैं। इनमें 7 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन किया गया है।

इसी तरह तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन, बास्तानार में 16 में से 9 हड़ताली पटवारियों में 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन तथा दरभा तहसील में पदस्थ 18 में से 13 हड़ताली पटवारियों में एक का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद बस्तर जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *