जगदलपुर, 05 अक्टूबर 2026। लंबे समय तक नक्सल हिंसा और बारूदी सुरंगों की घटनाओं का सामना करने वाले बस्तर में दिव्यांगजनों के पुनर्वास की दिशा में बड़ा अभियान शुरू हुआ है। जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क दिव्यांगजन सहायता एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर में बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिले के 3,800 से अधिक जरूरतमंदों का पंजीयन हुआ है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है और लक्ष्य एक शांत, सशक्त एवं विकसित बस्तर का निर्माण करना है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के कारण अपने अंग गंवाने वाले लोगों को दोबारा आत्मनिर्भर बनाना भी पुनर्वास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने आईईडी विस्फोट में घायल संतोष पोयाम और ड्यूटी के दौरान घायल पुलिस जवान राकेश कुमार यादव व घासीराम मांझी की जीवटता का उल्लेख किया, जिन्हें कृत्रिम अंगों के जरिए फिर से चलने में मदद मिलेगी।
शिविर में विशेषज्ञ मौके पर ही दिव्यांगजनों का नाप लेकर आधुनिक कृत्रिम हाथ-पैर और कैलिपर्स तैयार कर रहे हैं। पहले दिन ही 70 से अधिक हितग्राहियों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी और श्रवण यंत्र भी निःशुल्क दिए जा रहे हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम दिव्यांगजनों का परीक्षण कर मौके पर ही मेडिकल प्रमाणपत्र जारी कर रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भारतीय जैन संघटना के डॉ. अतुल जैन ने बताया कि शिविर का पहला चरण 5 से 7 अक्टूबर तक जगदलपुर में चल रहा है। इसमें बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर के हितग्राहियों को लाभ मिलेगा। अकेले बस्तर जिले से 1,570 हितग्राही शामिल हैं। दूसरे चरण में 15 से 17 अक्टूबर तक दंतेवाड़ा में शिविर आयोजित कर दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।