धान खरीदी की तैयारी पर कलेक्टर सख्त, सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान की निगरानी बढ़ाने के निर्देश

जगदलपुर, 17 नवंबर 2026। धान खरीदी सीजन को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा, पर्याप्त बारदाने, तौल व्यवस्था और ऑनलाइन के साथ जरूरत के अनुसार ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश दिए। जांच चौकियों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के साथ राजस्व, सहकारिता और मंडी बोर्ड सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याएं समझने और संतुष्टिपूर्ण व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत स्वीकृत रोजगारमूलक कार्यों में तेजी लाने, बस्तर मुन्ने अभियान के तहत योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन पूरा करने और हितग्राहियों की डेटा एंट्री सप्ताहांत तक पूरी करने को कहा गया। आधार पंजीयन, स्वामित्व योजना, बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा और राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत सहायता राशि वितरण की भी समीक्षा की गई।

बैठक में आगामी 25 और 26 नवंबर को होने वाले जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, डीआर डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *