16 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत, मॉडलिंग और फिल्मों में पहचान बनाने का था सपना

मध्य प्रदेश  28सितम्बर 2026/सिंगरौली जिले से सोशल मीडिया जगत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। 30 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत हो गई। निधि के फेसबुक और इंस्टाग्राम पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जबकि यूट्यूब पर उनके वीडियो को करोड़ों व्यूज मिले थे।

सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ निवासी निधि तिवारी सोशल मीडिया पर अपने वीडियो और तस्वीरों के जरिए काफी लोकप्रिय थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने ‘मिस प्रेटी इंडिया’ का खिताब भी जीता था। इसके बाद उनकी पहचान सोशल मीडिया के साथ-साथ मॉडलिंग और इवेंट्स की दुनिया में भी बनी।

परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम निधि किसी व्यक्ति से फोन पर बात कर रही थीं। इसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार घटना से पहले हुई बातचीत और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और परिवार व परिचितों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

निधि तिवारी अभिनय और फिल्मी दुनिया में करियर बनाने का सपना देखती थीं। छोटे शहर से निकलकर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स और परिचितों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

मानसिक स्वास्थ्य सहायता: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक संकट से गुजर रहा है, तो टेली-मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए 14416 या 1800-891-4416 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *