जगदलपुर, 1 फरवरी 2026/
बस्तर जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार 2 फरवरी 2026 को जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक कलेक्टर एवं समिति के अध्यक्ष आकाश छिकारा की अध्यक्षता में होगी।
प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह के सोमवार को आयोजित होने वाली टी.एल. (समय-सीमा) बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अनिवार्य रूप से विशेष चर्चा की जाएगी। इसी क्रम में फरवरी माह की पहली बैठक सोमवार को आयोजित हो रही है, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त सहित लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे प्राधिकरण और विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंताओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाना तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक कदम उठाना है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े सभी विभाग—जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और पुलिस विभाग शामिल हैं—पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित हों।
सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन स्थिति, साथ ही पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों पर अब तक की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से यह उम्मीद की जा रही है कि जिले में यातायात प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से आम जनता के लिए सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।