जगदलपुर 23 जुलाई 2026/ नगरनार। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 11.673 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 83 हजार 650 रुपये बताई गई है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो बैगों में रखे कुल 10 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 11.673 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों की पहचान उड़ीसा के रायगढ़ा जिले के रहने वाले युवकों के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से गांजा को उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाकर रायपुर पहुंचाने की तैयारी में थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
बस्तर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: उड़ीसा से रायपुर ले जा रहे 11.673 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार