महिलाओं और बच्चों को आगे कर दुकानदार का ध्यान भटकाता था गिरोह, चोरी के बाद जंगल में जा छिपे थे आरोपी; बस्तर पुलिस ने 5 को दबोचा
जगदलपुर, 11 नवंबर 2026। ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंचना, दुकानदार को बातचीत में उलझाना और मौका मिलते ही सोने के गहनों से भरा बॉक्स पार कर देना। चोरी का यह तरीका अपनाने वाला एक शातिर गिरोह अब बस्तर पुलिस की गिरफ्त में है। दिलचस्प बात यह रही कि चोरी के बाद आरोपी जंगल में जा छिपे, जिन्हें तलाशने के लिए पुलिस को ड्रोन कैमरे और थर्मल कैमरे की मदद लेनी पड़ी। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं।
मामला जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स का है। 7 नवंबर को त्योहार के चलते दुकान में ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान में दाखिल हुआ। आभूषण देखने के बहाने गिरोह के सदस्यों ने दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी बीच एक महिला ने बड़ी चालाकी से दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक बॉक्स निकालकर एक बालिका को थमा दिया। इसके बाद पूरा समूह वहां से निकल गया।
शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को बॉक्स गायब होने का पता चला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो चोरी का पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। इसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
एक स्कॉर्पियो ने खोल दी गिरोह तक पहुंचने की राह
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू हुई। जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो पुलिस के रडार पर आई। वाहन के मालिक और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस कोड़ेनार थाना क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव तक पहुंच गई।
रात के अंधेरे में जंगल की तलाश, ड्रोन और थर्मल कैमरे से खोजे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी चोरी के सामान के साथ जंगल की ओर चले गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने रात में जंगल की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। जंगल और ऊंची घास से घिरे विशाल इलाके में आरोपियों को तलाशना आसान नहीं था। ऐसे में पुलिस ने थर्मल कैमरा ड्रोन और ड्रोन कैमरे की मदद ली। संभावित ठिकानों पर अलग-अलग पुलिस टीमें पैदल भी तलाश करती रहीं। कई प्रयासों के बाद आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया।
महिलाएं और बच्चे बनते थे गिरोह की चोरी का जरिया
पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के पुरुष सदस्य दुकानों की रेकी करते थे और चोरी के सामान को छिपाने तथा खपाने की जिम्मेदारी संभालते थे। वहीं महिलाएं और बच्चे भीड़भाड़ वाली दुकानों में पहुंचकर दुकानदारों का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान गहनों और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया जाता था।
765.7 ग्राम सोना बरामद, तीन आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना से जुड़े एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। एक विधि से संघर्षरत बालिका को न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप शामिल हैं। वहीं मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।