बस्तर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना राउंड-3 की तैयारी शुरू, रोजगार और अनुभव का मिलेगा लाभ

जगदलपुर, 10 जून 2026। युवाओं को रोजगारपरक कौशल और औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तीसरे चरण (राउंड-3) की तैयारियां छत्तीसगढ़ में शुरू हो गई हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी संबंधित विभागों को वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तर पर प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना जिला निगरानी समिति प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। कलेक्टर इस समिति के पदेन अध्यक्ष होंगे, जबकि एडिशनल कलेक्टर या संयुक्त कलेक्टर सदस्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। योजना की मॉनिटरिंग और डेटा ट्रैकिंग के लिए जिला स्तर पर पोर्टल लॉगिन आईडी तैयार करने तथा अधिकृत अधिकारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इस योजना के तहत जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। बस्तर जिले के सातों विकासखंडों में संचालित गैर-इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज और विश्वविद्यालयों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक योजना की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा तकनीकी संस्थानों के प्रमुखों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्कूल शिक्षा और उद्योग विभाग संयुक्त रूप से कैंपस ड्राइव, रोड शो और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग युवतियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा, जबकि आदिवासी विकास विभाग छात्रावासों के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को योजना से जोड़ने की रणनीति तैयार कर रहा है।
प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *