सक्ती। 10जून सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों सहित लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी वर्ष 2024 में हुए एक अन्य चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 2-3 जून की रात ग्राम सेंदुरस में घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे की सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद बदमाश मृतका के सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
साइबर सर्विलांस और कॉल डिटेल विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने खरसिया क्षेत्र से देवकुमार यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक से मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में उन्होंने हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, नकदी, मोटरसाइकिल तथा लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम दिया था।
पुलिस की इस बड़ी सफलता पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने जांच टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।