जगदलपुर, 31 अगस्त 2026। जिले में बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं और विभिन्न स्वरोजगार कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की अध्यक्षता में यह बैठक 2 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा सभाकक्ष में होगी।
बैठक में जिले के बैंकों की जमा एवं अग्रिम की स्थिति, ऋण-जमा अनुपात तथा किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय योजनाओं की स्थिति पर भी चर्चा होगी।
बैठक में प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। संबंधित विभागों और बैंक अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी ली जाएगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति पर भी चर्चा होगी। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग की स्वरोजगार योजनाओं की स्थिति भी सामने रखी जाएगी। इसके माध्यम से जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रगति का जायजा लिया जाएगा।
कलेक्टर ने बैठक से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को अद्यतन एवं आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।