जगदलपुर, 31 अगस्त 2026। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 14.144 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी से गांजा लेकर उड़ीसा की ओर से नानगुर होते हुए अड़ावाल रेलवे फाटक की तरफ से जगदलपुर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अड़ावाल रेलवे फाटक के पास निगरानी एवं जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी को रोककर उसमें सवार व्यक्ति से पूछताछ की गई। उसकी पहचान लखमू नाग (33 वर्ष), निवासी ग्राम कावापाल नाका पारा, थाना नानगुर, जिला बस्तर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखी सफेद रंग की बोरी से 14.144 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजे के साथ एक वीवो कंपनी का मोबाइल, नीले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 17 KX 3018 और 500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7.42 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा रखने और उसके परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)ii(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया है। बस्तर पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।