कोंटा | 19 मार्च 2026
सीआरपीएफ दिवस के अवसर पर 217 बटालियन द्वारा बटालियन परिसर स्थित क्वार्टर गार्ड में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उप महानिरीक्षक (परिचालन रेंज कोंटा) राजेश पांडे और 217 बटालियन के कमांडेंट विजय शंकर ने सेरेमोनियल गार्ड की सलामी ली और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने सीआरपीएफ के स्वर्णिम और गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी केवल इतिहास नहीं, बल्कि हर जवान के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी डटे रहने का साहस और संकल्प देती है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल न केवल देश की आंतरिक सुरक्षा का मजबूत स्तंभ है, बल्कि सामाजिक सरोकार और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाता है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताव साहू, द्वितीय कमान अधिकारी वीरेंद्र कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी नीर सिंह मीणा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनदीप सिंह, सहायक कमांडेंट राजा इलमप्रर्थी, सहायक कमांडेंट अनिल पाटिल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सीआरपीएफ दिवस: 217 बटालियन ने शहीदों को दी सलामी, गूंजा सम्मान और संकल्प