जगदलपुर, 31 जुलाई 2026। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बस्तर जिले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम ने मलेरिया प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
जिला स्वास्थ्य टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरभा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पखनार, नेगानार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानगुर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओपीडी और आईपीडी में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रसव कक्ष, पोषण पुनर्वास केंद्र, दवा भंडार और वैक्सीन स्टोर की व्यवस्थाओं की भी गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान दवा स्टोर में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में भर्ती अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित पाए गए, जबकि दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि होने पर उनका उपचार जारी मिला।
सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने मुख्यालय में उपस्थित रहकर पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर जोर देते हुए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अभिभावकों की काउंसलिंग करने के निर्देश भी दिए।
जिला टीम ने दरभा क्षेत्र के 100 सीटर बालक छात्रावास बीसपुर का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा की। इस दौरान बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ कपड़े पहनने तथा मानसून के दौरान मलेरिया और अन्य कीटजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमित रूप से मच्छरदानी उपयोग करने की सलाह भी दी गई।
निरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में स्वास्थ्य अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज डिमरापाल पहुंचकर भर्ती मलेरिया मरीजों के उपचार की स्थिति का फॉलोअप लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश के मौसम में मलेरिया एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जिलेभर में निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
भारी बारिश के अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में: मलेरिया प्रभावित इलाकों में पहुंची जिला टीम, अस्पतालों का औचक निरीक्षण