जगदलपुर, 31जुलाई 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकृत पुरस्कार, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, प्रेरणा निधि एवं खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
योजना के तहत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के अंतर्गत 3 लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले कनिष्ठ खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। उत्कृष्ट प्रशिक्षकों और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से सम्मानित करते हुए 1.50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में चार बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान के तहत 25 हजार रुपये तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 55 वर्ष या उससे अधिक आयु की खेल हस्तियों को शहीद विनोद चैबे सम्मान के साथ 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
दलगत खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी की भी घोषणा की गई है। इसके तहत ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र, ब्लेजर एवं टाई के साथ वरिष्ठ वर्ग की चार सदस्यीय टीम को 2 लाख रुपये तथा जूनियर वर्ग की टीम को 1 लाख रुपये की नगद राशि मिलेगी। चार से अधिक सदस्यों वाली टीमों को वरिष्ठ वर्ग में 5 लाख रुपये और जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
खिलाड़ियों के पोषण और प्रोत्साहन के लिए खेलवृत्ति (डाइट मनी) एवं प्रेरणा निधि की व्यवस्था भी की गई है। डाइट मनी के लिए 19 वर्ष तक के वे खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो।
सभी पुरस्कारों एवं योजनाओं के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक खिलाड़ी एवं पात्र अभ्यर्थी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए आवेदन खेल संघों की अनुशंसा के साथ स्वीकार किए जाएंगे। विशेष परिस्थितियों में खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों का विवरण सीधे संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, रायपुर अथवा संबंधित जिला खेल कार्यालय में भी जमा कर सकते हैं।
राज्य के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका: खेल अलंकृत पुरस्कार, मुख्यमंत्री ट्रॉफी और डाइट मनी हेतु आवेदन आमंत्रित