चड्डी-बनियान में ऑफिस पहुंचे गेहूं खरीदी केंद्र के प्रबंधक, वीडियो वायरल होते ही निलंबन की कार्रवाई

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ क्षेत्र में स्थित चंदवासा गेहूं खरीदी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सहकारी संस्था का प्रबंधक कार्यालय के अंदर चड्डी-बनियान पहनकर बैठा दिखाई दे रहा है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो कुछ दिन पुराना है, जिसे वहां पहुंचे एक किसान ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में प्रबंधक के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति अभद्र भाषा और गाली-गलौज करते हुए भी सुनाई दे रहा है, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उस दिन छुट्टी होने के बावजूद वे जरूरी काम के लिए केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि भीषण गर्मी और शरीर पर चींटियों के काटने की वजह से उन्होंने इस हालत में बैठना पड़ा। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी और इसे अपने खिलाफ साजिश बताया। दूसरी ओर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की। बैंक के सीईओ ने कहा कि खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, इसलिए प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर प्रबंधक को निलंबित किया गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गेहूं खरीदी का काम प्रभावित न हो, इसलिए शामगढ़ शाखा के संस्था प्रबंधक करण सिंह रावत को चंदवासा केंद्र का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों के आचरण को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *