रायपुर, 16 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर में बुधवार को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्षों के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सम्मेलन का उद्घाटन राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शुभारंभ समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया। यह पुस्तक छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और निर्वाचन व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी का दस्तावेज है।
उद्घाटन सत्र में राज्यपाल ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और चुनावी प्रक्रिया में लगातार सुधार तथा आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।
इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों और स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव श्री विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक मुद्दों, डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
दो दिवसीय सम्मेलन का समापन 17 सितंबर को होगा। दूसरे दिन राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में स्थायी समिति की बैठक होगी। इसके बाद नया रायपुर के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय सहित नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।