बोर्ड रिजल्ट सुधारने कलेक्टर आकाश छिकारा सख्त, पहले दिन से गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के निर्देश

जगदलपुर, 13 जून 2026। जिले के शासकीय हाई स्कूलों और हायर सेकेंडरी स्कूलों के परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा ने सख्त रुख अपनाया है। टाउन हॉल जगदलपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले के 178 शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्कूल खुलने के पहले दिन से विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निर्धारित पाठ्यक्रम समय-सीमा में पूरा करने के साथ साप्ताहिक, मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाओं का नियमित आयोजन किया जाए। उन्होंने मासिक परीक्षा परिणामों की जानकारी पालक-बालक सम्मेलन के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने दीक्षा एप की शैक्षणिक सामग्री का उपयोग कर पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने, प्रयोगशालाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण का अवसर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर परीक्षा परिणाम देने वाले स्कूलों को चिन्हित कर विशेष सुधार योजना लागू करने तथा शिक्षकों को समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने और शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने प्राचार्यों से प्रतिदिन कम से कम एक कालखंड में स्वयं अध्यापन करने और शिक्षकों के कक्षा संचालन की नियमित निगरानी करने का आग्रह किया। उन्होंने पिछले सत्र की कमियों का विश्लेषण कर नई रणनीति के साथ अध्ययन-अध्यापन कार्य संचालित करने की बात कही।
बैठक में स्कूल परिसर की साफ-सफाई, पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन, गणवेश वितरण तथा नए विद्यार्थियों के स्वागत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। साथ ही शाला प्रवेश उत्सव को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, सातों विकासखंडों के शिक्षा अधिकारी तथा सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *