जगदलपुर, 13 जून 2026। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने डीएमएफटी मद से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपूर्ण कार्यों में तेजी लाकर आम जनता को समय पर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित बैठक में वर्षवार एवं विभागवार स्वीकृत अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना और पंचवर्षीय विकास योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, क्रेडा और पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न विभागों के स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी क्रियान्वयन एजेंसियों और जनपद पंचायतों द्वारा संचालित लंबित कार्यों की भौतिक प्रगति का आकलन किया तथा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित कार्यों के विलंब के कारणों तथा वर्तमान स्थिति की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही जिले में किए गए उत्कृष्ट विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में इतवारी बाजार स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल के कार्य में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं पदेन सचिव प्रतीक जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्रियान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि और सभी जनपद पंचायतों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएमएफ फंड के कामों में देरी पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश