छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत, धान खरीदी के लिए मिले दो अतिरिक्त दिन

जगदलपुर | 04 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन ने किसान हित को प्राथमिकता देते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय-सीमा को दो दिनों के लिए बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब 5 और 6 फरवरी 2026 को विशेष दिवस के रूप में धान खरीदी की जाएगी।
विदित हो कि राज्य में धान उपार्जन का कार्य 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित था। तय अवधि में विभिन्न कारणों से अपनी उपज विक्रय नहीं कर पाए किसानों की समस्याओं को देखते हुए शासन ने यह संवेदनशील फैसला लिया है, ताकि कोई भी पात्र किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने से वंचित न रह जाए।
समय-वृद्धि का लाभ मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के किसानों को मिलेगा। इसमें वे किसान शामिल हैं जिन्होंने 10 जनवरी के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी कारणवश उनका सत्यापन पूर्ण नहीं हो सका। इसके अलावा, वे किसान भी पात्र होंगे जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन कर सत्यापन उपरांत धान उपलब्ध पाया गया है। वहीं, 28, 29 एवं 30 जनवरी की तिथि का टोकन प्राप्त होने के बावजूद अपरिहार्य कारणों से धान विक्रय नहीं कर पाए किसान भी अब इन दो विशेष दिनों में अपनी फसल बेच सकेंगे।
अंतिम चरण की खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, हमाल, तौल व्यवस्था एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *