छत्तीसगढ़ BJP को जल्द मिलेगा नया प्रभारी, नितिन नवीन के बाद किसे मिलेगी कमान? आज बैठक में होगा मंथन

रायपुर। 29अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश संगठन प्रभारी मिल सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को दिल्ली दौरे से लौटने के बाद माना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन प्रभारी की व्यवस्था आगे भी बनी रहेगी।

एक-दो दिन में हो सकता है नए प्रभारी का ऐलान

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन की जगह नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सब कुछ तय रहा तो नए प्रभारी के नाम की घोषणा अगले एक-दो दिनों में हो सकती है। नितिन नवीन करीब चार वर्षों से छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नए प्रभारी की नियुक्ति केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। हालांकि, उनके बयान के बाद प्रदेश भाजपा में नए संगठन प्रभारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

आज होगी प्रदेश भाजपा की अहम बैठक

प्रदेश भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की जाएगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों के साथ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा पखवाड़े की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी।

निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगामी चार नगर निगमों के चुनाव को लेकर भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन अच्छा काम कर रहे हैं और आने वाले चुनावों में भाजपा को अच्छी सफलता मिलेगी।

नेपाल की बाढ़ को लेकर जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई बाढ़ की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण भारत और छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की सूचना है। सरकार की ओर से टोल-फ्री नंबर जारी किए गए हैं, जहां जरूरतमंद लोग जानकारी देकर सरकारी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *