10 अक्टूबर 2026 | खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ का जिला स्तरीय नाट्य मंचन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता रही। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत, अभिनय और भावपूर्ण संवादों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सार्वजनिक सेवा के अनुभवों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को मंच पर प्रस्तुत किया।
संगीत और अभिनय के जरिए दिया जनसेवा का संदेश
विश्वविद्यालय परिसर-2 में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय कला, संगीत और नाट्य परंपरा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के महत्व को दर्शाया। संगीतमय नाटक के विभिन्न प्रसंगों में कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ‘भारत के रंग’ की सांस्कृतिक भावभूमि पर वंदे मातरम की गौरवगाथा पर आधारित भरतनाट्यम और कथक की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति भी दी गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कला और संस्कृति को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया।
समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील
‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के मंचन का उद्देश्य सेवा और समर्पण के विचारों को जनसामान्य तक पहुंचाना तथा लोगों को समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जनसेवा केवल किसी व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सार्वजनिक जीवन, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को समझने के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बिसेसर साहू, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, नीलिमा गोस्वामी, गिरिजा चंद्राकर, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, भावेश कोचर, गोरेलाल वर्मा, वंदना टांडेकर, आयूब सोलंकी, रूपेंद्र रजक और लखन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।