जगदलपुर, 6 जून 2026। जिले में लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टोरेट के आस्था सभाकक्ष में कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में राजस्व समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा कि शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों, किसान हितैषी योजनाओं और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण और खाता विभाजन के मामलों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित हल्का पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं विवादित मामलों में निष्पक्ष सुनवाई और पारदर्शी सीमांकन प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान Survey of India से प्राप्त डिजिटल नक्शों में तकनीकी त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। तय किया गया कि संबंधित पटवारी रायपुर स्थित कार्यालय जाकर आईटी टीम के साथ समन्वय कर नक्शों की त्रुटियों का मौके पर ही सुधार कराएंगे, ताकि नक्शा बटांकन का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कवरेज बढ़ाने और आधार प्रविष्टि जैसे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को भूमि संबंधी दस्तावेजों पर डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी राजस्व पखवाड़ा के दौरान आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने, नियमित क्षेत्र भ्रमण करने और योजनाओं के क्रियान्वयन की सीधी निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, राजस्व विभाग के प्रभारी अधिकारी एआर राणा, अधीक्षक भू-अभिलेख सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।